रुड़की में संपन्न हुआ संस्कृत महोत्सव


आर्य कन्या पाठशाला में 18वें रुड़की खंड स्तरीय संस्कृत महोत्सव का भव्य आयोजन, आर्य कन्या पाठशाला का रहा दबदबा

रुड़की 24 सितंबर उत्तराखंड संस्कृत संस्थान, हरिद्वार के तत्वावधान में द्वितीय राजभाषा संस्कृत के प्रचार-प्रसार हेतु 18वें संस्कृत महोत्सव का रुड़की खंड स्तरीय आयोजन आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, रुड़की में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
दो दिवसीय इस महोत्सव के प्रथम दिन 23 सितंबर को कनिष्ठ वर्ग (कक्षा 6 से 10) की प्रतियोगिताओं का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री वासुदेव पंत, खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती आकांक्षा राठौर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री प्रवीण कुमार, विद्यालय के प्रबंधक श्री वीरेंद्र कुमार गुप्ता एवं प्रधानाचार्य श्रीमती अपर्णा जिंदल उपस्थित रहे। कनिष्ठ वर्ग की विभिन्न प्रतियोगिताओं—संस्कृत नाटक, समूह नृत्य, वाद-विवाद, आशुभाषण एवं श्लोक उच्चारण—में क्षेत्र के 10 विद्यालयों से लगभग 200 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज का दबदबा रहा। जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, एसएसडीपीसी इंटर कॉलेज रुड़की तथा पतंजलि गुरुकुलम का चयन हुआ।
महोत्सव के द्वितीय दिवस (24 सितंबर) को वरिष्ठ वर्ग (कक्षा 11 से विश्वविद्यालय स्तर) की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें भी आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज रुड़की ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद स्तर पर अपनी जगह बनाई।
समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तराखंड सरकार के शिक्षा एवं संस्कृत सचिव डॉ. दीपक गैरोला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्कृत शिक्षा अनिवार्य रूप से होनी चाहिए। उन्होंने संस्कृत के सर्वांगीण विकास एवं महत्व पर विचार साझा किए। जनपद संयोजक डॉक्टर विजय कुमार त्यागी ने छात्र-छात्राओं को संस्कृत एवं संस्कृति के प्रति अनुरक्त होने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष (उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संगठन) डॉ. अनिल शर्मा, पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. अशोक शर्मा आर्य तथा सारस्वत अतिथि के रूप में प्रधानाचार्य डॉ. प्रदीप त्यागी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. उमेश कुमार के निर्देशन में आयोजित इस महोत्सव में निर्णायकों एवं संचालन की भूमिका डॉ. राधेश्याम बहुखंडी, डॉ. शालिनी त्रिपाठी, श्रीमती शालिनी गुप्ता, सुश्री विष्णु प्रिया, डॉ. सुमित पांडे, डॉ. उर्मिला, दीप्ती सैनी, रुचि त्यागी, रुकमण सैनी एवं शैलेन्द्र पंत ने निभाई।

Comments

Popular posts from this blog

त्रंबकेश्वर में श्री चंद्र भगवान मंदिर का निर्माण कार्य हुआ शुरू

ऋषिकेश वानप्रस्थ आश्रम में श्रीमद् भागवत कथा की अमृत वर्षा करेंगे परम पूज्य गोविंद गिरी देव जी महाराज

जिला बाल कल्याण समिति हरिद्वार के सदस्य दिनेश शर्मा ने किया लोक मित्र संस्था के शिक्षा केंद्र का शुभारंभ